Chhattisgarh Seva Sankalp News: 17 सितंबर की शाम हर घर में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, CM साय ने जनभागीदारी का किया आह्वान…NV News

Share this

NV News रायपुर, 14 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ से उत्साहपूर्वक जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों में जनभागीदारी के जरिए इस अभियान को छत्तीसगढ़ में सेवा का व्यापक उत्सव बनाया जाए।

17 सितंबर को हर घर में जलाएं ‘आशीर्वाद का दीया’

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर प्रदेशवासियों से शाम 7 बजे प्रत्येक घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का आह्वान किया है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के लाभार्थी परिवारों को भी इस पहल से जोड़ने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दीप प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन के लिए छत्तीसगढ़वासियों की शुभकामनाओं का प्रतीक होने के साथ-साथ सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बने।

स्वच्छता और जरूरतमंदों की मदद में भागीदारी की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा छत्तीसगढ़ की संस्कृति और संस्कारों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने गांव, शहर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता तथा जनसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि जब सेवा का भाव जनभागीदारी से जुड़ता है, तो वह समाज में व्यापक और स्थायी बदलाव का माध्यम बनता है। अभियान के दौरान समाज का प्रत्येक वर्ग अपनी क्षमता के अनुसार सेवा का कोई न कोई कार्य करे और दूसरों को भी इससे जोड़े।

विकसित छत्तीसगढ़ से मजबूत होगा विकसित भारत

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण और विकास की योजनाओं से बड़ी संख्या में परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। पक्के आवास, स्वच्छ पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प तभी पूरा होगा, जब गांव विकसित हों, शहर आगे बढ़ें और प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े। सेवा संकल्प अभियान इसी सामूहिक भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने प्रदेशवासियों से मिलकर अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाने और विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

Share this

You may have missed