Bastar Women Empowerment News: गणेश प्रतिमाएं बनाकर महिलाओं ने कमाए 1.80 लाख, पर्यावरण संरक्षण के साथ आत्मनिर्भरता की मिसाल….NV News
Share this
NV News रायपुर, 14 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड के तारापुर गांव की महिलाओं ने हुनर और मेहनत के दम पर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है। ‘मिट्टी के गणेश मूर्ति निर्माण सिद्धि स्व सहायता समूह’ से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं ने गणेशोत्सव के दौरान इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं तैयार कर करीब 1.80 लाख रुपये की कमाई की है।
शुद्ध मिट्टी से तैयार कीं 52 गणेश प्रतिमाएं
शांति नागवंशी, दसो भारती और रोमा नागवंशी के नेतृत्व में समूह की महिलाओं ने शुद्ध मिट्टी से 52 गणेश प्रतिमाएं तैयार कीं। प्रतिमाओं के निर्माण में किसी हानिकारक केमिकल या कृत्रिम रंग का इस्तेमाल नहीं किया गया। पर्यावरण के अनुकूल इन प्रतिमाओं को बाजार में अच्छी मांग मिली और तैयार की गई सभी प्रतिमाएं बिक गईं।
मेहनत की कमाई बच्चों की पढ़ाई में आएगी काम
समूह की सदस्य शांति नागवंशी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जिन प्रतिमाओं को उन्होंने अपने हाथों से तैयार किया, उन्हें लोगों द्वारा पूजा जाता देखना और अपनी मेहनत से कमाई करना उनके लिए बेहद खास अनुभव है। उन्होंने बताया कि कमाई की राशि का इस्तेमाल परिवार की जरूरतों के साथ बच्चों की शिक्षा के लिए किया जाएगा।
दूसरी महिलाओं के लिए बनी प्रेरणा
सीमित संसाधनों के बावजूद तारापुर की महिलाओं ने अपनी कला और मेहनत को रोजगार का माध्यम बनाया। उनकी यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रही है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनने के लिए भी प्रेरित कर रही है। स्थानीय स्तर पर इस प्रयास की सराहना हो रही है।

