छत्तीसगढ़ में आरओबी और आरयूबी निर्माण में आएगी तेजी: पीडब्ल्यूडी सचिव ने रेलवे अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, 3 महीने में प्रोग्रेस रिपोर्ट देने के निर्देश….NV News

Share this

NV News रायपुर। छत्तीसगढ़ में यातायात को अधिक सुगम, सुरक्षित और तेज बनाने के लिए राज्य सरकार ने रेलवे ओवर-ब्रिज (ROB) और रेलवे अंडर-ब्रिज (RUB) परियोजनाओं को समय पर पूरा करने की कवायद तेज कर दी है। लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने आज मंत्रालय में विभाग के सेतु परिक्षेत्र और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों की एक संयुक्त उच्च स्तरीय बैठक ली। बैठक में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित आरओबी और आरयूबी परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई और अधिकारियों को आपसी समन्वय मजबूत करते हुए काम में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक के दौरान पीडब्ल्यूडी सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यस्थलों पर आने वाली दिक्कतों जैसे अतिक्रमण, भूमि व्यपवर्तन (डाइवर्जन), नामांतरण, भू-अर्जन और यूटिलिटी शिफ्टिंग (बिजली-पानी की लाइनों को हटाना) जैसी प्रशासनिक बाधाओं को समयबद्ध ढंग से प्राथमिकता के आधार पर दूर करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं का काम अभी शुरू नहीं हो पाया है, वहां की रुकावटों को तत्काल दूर कर निर्माण कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ किया जाए ताकि आम जनता को रेलवे फाटकों पर लगने वाले लंबे जाम से राहत मिल सके।

परियोजनाओं की गुणवत्ता और गति बनाए रखने के लिए सचिव ने लोक निर्माण विभाग और रेलवे के अधिकारियों को हर तीन महीने में अनिवार्य रूप से बैठक करने तथा प्रगति का संयुक्त रूप से आकलन करने के निर्देश दिए। साथ ही, प्रस्तावित परियोजनाओं के प्राक्कलन (एस्टीमेट) और ड्राइंग-डिजाइन को अंतिम रूप देने के लिए तत्काल संयुक्त निरीक्षण करने को कहा गया है। इस महत्वपूर्ण बैठक में पीडब्ल्यूडी के प्रमुख अभियंता .के. भतपहरी, दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे (SECR) बिलासपुर मुख्यालय के प्रधान मुख्य अभियंता श्री अवनीश कुमार पाण्डेय सहित दोनों विभागों के कई वरिष्ठ अधिकारी व सीपीएम उपस्थित थे।

Share this

You may have missed