छत्तीसगढ़ में ईवी चार्जिंग का बदलेगा अंदाज: सरकार जल्द लॉन्च करेगी एकीकृत एप, चार्जिंग स्टेशनों का होगा तेजी से विस्तार…NV News

Share this

NV News रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को बढ़ावा देने और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय में सचिव सह-परिवहन आयुक्त श्री एस. प्रकाश की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में परिवहन विभाग, ऊर्जा विभाग, आरटीओ/डीटीओ और प्रमुख तेल व ईवी निर्माता कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्यभर में चार्जिंग स्टेशनों के जाल को तेजी से फैलाना और वाहन चालकों के लिए चार्जिंग की प्रक्रिया को बेहद सरल व सुलभ बनाना है।

वर्तमान में अलग-अलग कंपनियों के अलग-अलग मोबाइल एप होने के कारण उपभोक्ताओं को चार्जिंग स्टेशन खोजने और भुगतान करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए छत्तीसगढ़ सरकार अब राज्य स्तर पर एक ‘एकीकृत प्लेटफॉर्म/एप’ विकसित करने जा रही है, जिस पर चिप्स (CHiPS) के जरिए ऊर्जा विभाग पहले से ही एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में काम कर रहा है। इसके साथ ही केंद्र सरकार की ‘पीएम ई-ड्राइव योजना’ और ‘छत्तीसगढ़ ईवी नीति-2022’ के तहत मिलने वाले वित्तीय प्रोत्साहनों को मिलाकर इस नेटवर्क को और गति दी जाएगी।

बैठक में एचपीसीएल, बीपीसीएल, आईओसीएल और जियो-बीपी जैसी बड़ी कंपनियों ने राज्य में अपने वर्तमान और प्रस्तावित चार्जिंग स्टेशनों का ब्यौरा साझा किया। परिवहन आयुक्त ने सभी जिलों के आरटीओ और डीटीओ को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नए चार्जिंग स्टेशनों के लिए उपयुक्त जगहों की पहचान करें और एनओसी (NOC) जारी करने की प्रक्रिया को तेज करें। सरकार का मानना है कि एक मजबूत और पारदर्शी ईवी चार्जिंग नेटवर्क तैयार होने से राज्य में हरित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और प्रदूषण में भारी कमी आएगी।

Share this

You may have missed