काल बनकर दौड़ा ट्रेलर: विपरीत दिशा से आ रही बाइक को मारी जोरदार टक्कर; तमनार के 3 युवकों की स्थिति गंभीर…NV News

Share this

रायगढ़, 5 जुलाई 2026। औद्योगिक जिले रायगढ़ में तेज रफ्तार और अनियंत्रित भारी वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में एक बार फिर एक भारी-भरकम ट्रेलर मासूम जिंदगियों के लिए काल बनकर दौड़ा। विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक ही बाइक पर सवार होकर लौट रहे तीन ग्रामीण युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।

काम निपटाकर वापस गांव लौट रहे थे दोस्त

मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम महलोई के रहने वाले तीन दोस्त— प्रकाश राठिया (20 वर्ष), बुटरु (21 वर्ष) और ज्ञानचंद मिर्धा (21 वर्ष) रविवार की सुबह किसी निजी काम से रायगढ़ शहर आए हुए थे। सुबह करीब 11 बजे तीनों युवक अपना काम निपटाने के बाद एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस अपने गांव महलोई लौट रहे थे।

विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर ने मारी सीधी टक्कर

युवकों की बाइक जैसे ही चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मार्ग पर पहुंची, तभी सामने से (विपरीत दिशा) आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को सीधे टक्कर मार दी।

मौके पर मची चीख-पुकार: प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयानक था कि ट्रेलर की टक्कर लगते ही तीनों युवक हवा में उछलकर सड़क के डिवाइडर और पत्थरों से जा टकराए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना चक्रधर नगर थाना पुलिस और संजीवनी 108 एम्बुलेंस को दी।

अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने ट्रेलर को किया जब्त

सूचना मिलते ही चक्रधर नगर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय नागरिकों की मदद से लहूलुहान हालत में तड़प रहे प्रकाश, बुटरु और ज्ञानचंद को इलाज के लिए नजदीकी शासकीय अस्पताल (मेडिकल कॉलेज अस्पताल) भेजा गया है, जहां उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।

दुर्घटना को अंजाम देने के बाद भागने की कोशिश कर रहे ट्रेलर को पुलिस ने घेराबंदी कर जब्त कर लिया है, जबकि आरोपी चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने मर्ग कायम कर फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है।

Share this

You may have missed