नेशनल हाईवे-130 पर भीषण हादसा: अनियंत्रित होकर 40 फीट गहरी खाई में गिरी तेज रफ्तार कार, मलबे में फंसे युवक को पुलिस ने निकाला!…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक खौफनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे-130 पर स्थित लखनपुर थाना क्षेत्र के कुंवरपुर मोड़ के पास मंगलवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कार रायपुर से उत्तर प्रदेश की ओर जा रही थी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। कार की स्थिति इतनी खराब थी कि चालक अंदर ही मलबे में बुरी तरह फंस गया था। पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद घायल युवक को कार से सुरक्षित बाहर निकाला। घायल की पहचान अभिषेक पांडे (पिता अजय पांडे) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के भदोही का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के कबीर नगर में निवास कर रहा था।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार के परखच्चे उड़ गए हैं। घायल अभिषेक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर हादसे का कारण कार की अत्यधिक रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। कुंवरपुर मोड़ पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिससे अब इस मार्ग पर सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Share this

You may have missed