दुर्ग में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा: प्रेमिका की हत्या कर जलाया शव, आरोपी विजय बांधे गिरफ्तार
Share this
दुर्ग। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में 8 दिसंबर की सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब खेल मैदान के पास एक महिला का अधजला शव मिला। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी विजय अग्रवाल खुद मौके पर पहुंचे और मामले को ब्लाइंड मर्डर मानते हुए इसे चुनौती के रूप में लिया। पहचान कठिन होने के बावजूद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 विशेष टीमों का गठन किया।
गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिला सुराग
पुलिस ने दुर्ग और आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्टों की जांच की। इसी दौरान सामने आया कि 9 दिसंबर को सुपेला निवासी विजय बांधे ने उर्मिला निषाद की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पूछताछ के दौरान विजय की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं और पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ होने पर विजय टूट गया और हत्या की बात कबूल कर ली।
हत्या की वजह: शादी का दबाव और पैसों का विवाद
आरोपी विजय बांधे और मृतिका उर्मिला दो से तीन वर्षों से साथ में केटरिंग का काम करते थे। इस दौरान दोनों में नजदीकियां बढ़ीं। विजय शादीशुदा था और उसकी पत्नी गर्भवती है। उर्मिला उस पर शादी का दबाव बना रही थी। पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद बढ़ने से आरोपी मानसिक रूप से परेशान था और उर्मिला से पीछा छुड़ाने के लिए उसने हत्या की योजना बना ली।
चापट खरीदा और लिया पेट्रोल – पहले से थी पूरी प्लानिंग
हत्या से पहले आरोपी ने सुपेला हार्डवेयर से चापट खरीदा और पेट्रोल पंप से पानी की बोतल में पेट्रोल लिया। 7 दिसंबर की शाम वह उर्मिला को शादी पार्टी में काम का बहाना देकर उतई की ओर ले गया। रास्ते में मोमोज और पकौड़े भी पैक कराए।
मोमोज खाने के दौरान विवाद, फिर धारदार हथियार से हमला
दोनों मोमोज खा ही रहे थे कि विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान विजय ने पहले से लाई गई धारदार चापट से उर्मिला के गले पर वार किया। उर्मिला मौके पर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।
सबूत मिटाने के लिए पेट्रोल डालकर जला दिया शव
हत्या के बाद आरोपी ने शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, ताकि पहचान न हो सके। फिर वहां से भागकर अपने गांव करगाड़ीह लौट आया और अगले दिन सुपेला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।
24 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा
एसएसपी विजय अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस ने मात्र 24 घंटे में इस चुनौतीपूर्ण ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझा लिया और आरोपी विजय बांधे (उम्र 24 वर्ष, निवासी करगाड़ीह, हाल न्यू कृष्णा नगर) को गिरफ्तार कर लिया।
