कांकेर में बड़ी सफलता: मदनवाड़ा हमले में शामिल महिला नक्सली समेत 4 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

Share this

कांकेर। नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। मदनवाड़ा हमले में शामिल रही महिला नक्सली सहित चार नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। वर्ष 2009 में हुए मदनवाड़ा हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था, जिसमें राजनांदगांव के तत्कालीन एसपी विनोद चौबे सहित 29 जवान शहीद हुए थे।

आज आत्मसमर्पण करने वालों में इस हमले की प्रमुख सहभागी मंजुला उर्फ लक्ष्मी पोटाई भी शामिल है, जिस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा काजल उर्फ रजिता, जो कंपनी नंबर 10 की सदस्य थी, उस पर 8 लाख रुपये का इनाम था। वहीं विलास उर्फ चैतु उसेंडी (इनामी 5 लाख) और रामसाय उर्फ लखन (इनामी 5 लाख) ने भी आत्मसमर्पण किया है।

कई बड़ी घटनाओं में शामिल थे नक्सली

कांकेर एसपी आई. कल्याण एलिसेला ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले ये नक्सली कई बड़े नक्सली हमलों में शामिल रहे हैं, जिनमें कई जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी। ये नक्सली कांकेर के अलावा आसपास के जिलों में भी सक्रिय थे।

एसपी ने कहा कि सरकार की पुनर्वास नीति और फोर्स के लगातार बढ़ते दबाव की वजह से नक्सलियों में आत्मसमर्पण की प्रवृत्ति बढ़ी है। उन्होंने बताया कि कांकेर जिले में अब सीमित संख्या में नक्सली सक्रिय हैं और जल्द ही वे भी आत्मसमर्पण कर सकते हैं।

आज आत्मसमर्पण करने वाले प्रत्येक नक्सली को पुलिस प्रशासन की ओर से 50-50 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई है।

Share this

You may have missed