Bastar Flood Alert: इंद्रावती नदी का बढ़ सकता है जलस्तर, 43 गांवों पर बाढ़ का खतरा; प्रशासन और SDRF अलर्ट…NV News

Share this

NV News जगदलपुर। बस्तर में लगातार हो रही बारिश के बीच इंद्रावती नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। ओडिशा के कालाहांडी जिले में स्थित खाटीगुड़ा इंद्रावती बांध का एक गेट खोला गया है। इसके बाद अगले कुछ घंटों में इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना जताई गई है।

स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी के आसपास बसे गांवों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी शुरू करा दी है। राजस्व विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए SDRF को भी अलर्ट किया गया है।

43 गांवों पर मंडरा रहा बाढ़ का खतरा

इंद्रावती नदी के जलस्तर में अधिक बढ़ोतरी होने की स्थिति में आसपास के 43 गांव प्रभावित हो सकते हैं। प्रशासन द्वारा संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को नदी और निचले इलाकों से दूर रहने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

7 मीटर वार्निंग, 8.3 मीटर डेंजर लेवल

प्रशासन के अनुसार इंद्रावती नदी का वार्निंग लेवल 7 मीटर और डेंजर लेवल 8.3 मीटर निर्धारित है। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने बस्तर में अगले 48 घंटों के दौरान बारिश जारी रहने की संभावना जताई है, जिससे नदी-नालों के जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है।

Share this