Chhattisgarh Weather Alert: 26 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना, आकाशीय बिजली से 4 मौतों के बाद बढ़ी चिंता…NV News

Share this

NV News रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अभी थमा नहीं है। बंगाल की खाड़ी से बने डीप डिप्रेशन के तट पार करने के बाद भी इसका प्रभाव मध्य भारत में बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 24 से 26 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।

बस्तर समेत छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बनने की संभावना है। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर ही रहने की अपील की गई है।

आकाशीय बिजली से 4 लोगों की मौत

बारिश के साथ आकाशीय बिजली भी चिंता का कारण बनी हुई है। अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। इनमें खेत में काम कर रही एक महिला और बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े एक व्यक्ति के बिजली की चपेट में आने की घटनाएं शामिल हैं।

मौसम विभाग ने दी सावधानी बरतने की सलाह

खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले मैदान में जाने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने और बिजली के खंभों या अन्य ऊंची संरचनाओं से दूरी बनाए रखने को कहा गया है। अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।

Share this