खूनी खेल: अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से किया जानलेवा हमला; बचाने आए चाचा ससुर को भी टांगी मारकर किया लहूलुहान…NV News

Share this

NV News कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से घरेलू हिंसा और खूनी संघर्ष की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। जिले के अंतागढ़ ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले सिकसोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम कस्तूरा में एक सनकी पति ने चरित्र शंका के चलते अपनी ही धर्मपत्नी पर कुल्हाड़ी (टांगी) से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी पति का गुस्सा यहीं नहीं रुका, जब महिला की चीख-पुकार सुनकर उसे बचाने के लिए सगा चाचा ससुर बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपी ने उन पर भी कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस खूनी वारदात के बाद पूरे कस्तूरा गांव में हड़कंप मच गया है और लोक-शांति भंग होने की स्थिति निर्मित हो गई थी।

स्थानीय सूत्रों और पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पति पिछले काफी समय से अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध होने का गहरा शक (चरित्र शंका) करता था। इसी बात को लेकर शुक्रवार और शनिवार के दरमियान दोनों के बीच घर के भीतर ही विवाद और तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते आरोपी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी उठा ली। इससे पहले कि पत्नी कुछ समझ पाती, आरोपी ने उस पर जानलेवा वार करना शुरू कर दिया। खून से लथपथ महिला अपनी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागी और जोर-जोर से चिल्लाने लगी।

महिला की चीख सुनकर पास ही रहने वाले उसके चाचा ससुर बिना अपनी जान की परवाह किए तत्काल मौके पर दौड़े और महिला को बचाने का प्रयास किया। लेकिन गुस्से में अंधा हो चुके आरोपी ने बीच-बचाव करने आए चाचा ससुर के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी टांगी से जोर का प्रहार कर दिया, जिससे वे भी वहीं पर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास के ग्रामीणों ने जब यह भयानक मंजर देखा, तो वे तुरंत इकट्ठा हुए और उन्होंने साहस दिखाते हुए आरोपी पति को चारों तरफ से घेरकर मौके पर ही दबोच लिया। इसके साथ ही ग्रामीणों ने घटना की सूचना तुरंत डायल 112 और सिकसोड़ थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सिकसोड़ थाना पुलिस की टीम दलबल के साथ ग्राम कस्तूरा पहुंची और आरोपी पति को ग्रामीणों की कस्टडी से छुड़ाकर तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए खून से सने हथियार (कुल्हाड़ी) को भी मौके से जब्त कर लिया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल पत्नी और उसके चाचा ससुर को ग्रामीणों की मदद से तुरंत नजदीकी शासकीय अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) सहित विभिन्न गंभीर गैर-जमानती धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी विवेचना शुरू कर दी है।

Share this

You may have missed