Vikshit Bharat Yuva Samvad : सीने में आग, मुँह में शक्कर, सिर में बर्फ़ और पैर में चक्कर रखने वाला ही सच्चा युवा: सांसद बृजमोहन अग्रवाल…NV News

Share this

NV News रायपुर, 29 अक्टूबर। राजधानी रायपुर के दिशा कॉलेज में गुरुवार को ‘माई भारत’ के तत्वावधान में आयोजित ‘विकसित भारत युवा संवाद’ (नो योर वोट) कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए लोकतंत्र के महत्व, मतदान के सही मापदंड और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर अपने विचार साझा किए।

​युवा का अर्थ और उसके चार गुण

कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा द्वारा पहली बार वोट डालते समय निर्णय लेने के आधार को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने युवाओं को स्पष्ट दृष्टिकोण दिया। उन्होंने कहा कि युवा केवल 15 से 30 वर्ष की उम्र का दायरा नहीं है। युवा वह है—”जिसके सीने में आग हो, जिसके मुँह में शक्कर हो, जिसके सिर में बर्फ़ हो और जिसके पैर में चक्कर हो।” यदि 80 वर्ष के व्यक्ति में भी ये चारों गुण मौजूद हैं, तो वह भी वास्तव में युवा है।

​विकास और बुनियादी ज़रूरतों के आधार पर करें मतदान

वैश्विक तुलना और स्थानीय परिस्थितियों पर बात रखते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि आज का युवा सोशल मीडिया के ज़रिये पूरी दुनिया से जुड़ा है। हमें यह समझना होगा कि अमेरिका, जापान या जर्मनी की तुलना में हमारे देश की विशाल आबादी और भौगोलिक विविधताएं पूरी तरह भिन्न हैं। छत्तीसगढ़ जैसे राज्य में भी सरगुजा, बस्तर और मैदानी इलाकों की ज़मीनी परिस्थितियाँ अलग हैं।

​उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि जब वे पहली बार मतदान करने जाएँ, तो व्यक्तिगत मुद्दों से ऊपर उठकर यह सोचें कि शिक्षा, सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत आवश्यकताओं का स्थायी समाधान किसकी नीति में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज चुनाव केवल राजनीतिक समीकरणों पर नहीं, बल्कि विकास, रोज़गार और देश की आर्थिक नीतियों पर लड़े जाते हैं।

​कार्यक्रम के दौरान दिशा कॉलेज के प्राचार्य ए. के. तिवारी, रमन पटेल, सुयश पांडे, अर्पित तिवारी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share this

You may have missed