Accident News : अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की थमीं सांसें, दो जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे…NV News

Share this

NV News मुंगेली/पथरिया, 4 अगस्त। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले अंतर्गत आने वाले पथरिया नगर में मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। नगर के हृदयस्थल माने जाने वाले कर्मा माता चौक के पास मुख्य मार्ग पर एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा इतना भीषण था कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं उसके दो साथी खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना घटते ही आसपास की दुकानों में मौजूद लोगों और राहगीरों के बीच चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए घटना की जानकारी डायल 112 और पथरिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों की मदद से दोनों गंभीर घायल युवकों को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद युवकों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया है।

दूसरी ओर, पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। दुर्घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी और यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला। पथरिया पुलिस ने दुर्घटनाकारित वाहन को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share this

You may have missed