मतदाता सूची की बड़ी चुनौती: 80 हजार SIR फार्म लंबित, 24 हजार मतदाता लापता और 18 हजार मृत नाम दर्ज

Share this

सरगुज़ा। छत्तीसगढ़ के सरगुज़ा जिले में एसआईआर (Special Summary Revision) प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के फार्म जमा न होने से जिला प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार करीब 80 हजार मतदाताओं के SIR फॉर्म अब तक प्राप्त नहीं हो पाए हैं, जिसके चलते मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य प्रभावित हो रहा है।

जिले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 18,638 मतदाता ऐसे पाए गए हैं जिनकी मृत्यु हो चुकी है, लेकिन वर्षों से उनके नाम मतदाता सूची से हटाए नहीं गए थे। वहीं 32,425 मतदाता शिफ्टेड मिले हैं, जिनका निवास बदल चुका है। प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती उन 24,376 गैर-हाजिर मतदाताओं की है, जिनकी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि ये लोग रोज़गार या कामकाज के सिलसिले में दूसरे राज्यों या जिलों में चले गए होंगे।

स्थिति को और जटिल तब बताया गया जब प्रशासन की जांच में पाया गया कि 4,093 मतदाताओं के नाम दो या दो से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं। इसके अलावा, बूथ क्रमांक 104 और 105 में 44% मतदाता ऐसे हैं, जो C टाइप की श्रेणी में आते हैं, यानी इनके माता-पिता या रिश्तेदारों के नाम पूरे देश की डेटाबेस में कहीं भी दर्ज नहीं मिल रहे। इससे प्रशासन के सामने सवाल खड़ा हो गया है कि इन मतदाताओं की सही पहचान कैसे सुनिश्चित की जाए।

प्रशासन का कहना है कि यदि कुछ लोग विदेशों या दूसरे राज्यों से आकर यहां बसे थे और अब लौट गए हैं, तो उनकी जानकारी धीरे-धीरे साफ हो जाएगी। वहीं, जिन लोगों के नाम सूची से छूट गए हैं, उन्हें निर्धारित दस्तावेज जमा करने पर फिर से जोड़ा जाएगा।

जिल प्रशासन ने मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए तेजी से सत्यापन कार्य जारी रखने की बात कही है।

Share this

You may have missed