विदिशा में जान जोखिम में डालकर स्कूल जाने को मजबूर मासूम, उफनते स्टॉप डैम पर छलांग लगाने का वीडियो वायरल…NV News

Share this

NV News विदिशा, 4 अगस्त। मध्य प्रदेश में जारी मूसलाधार बारिश के बीच नदियों, नालों और तालाबों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। जहां एक तरफ बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं ग्रामीण इलाकों में हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। इसी बीच मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से एक बेहद डरावना और चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूली बच्चे उफनते हुए स्टॉप डैम पर छलांग लगाकर उसे पार करते दिखाई दे रहे हैं।

मामला विदिशा जिले के ग्राम पाहो पड़रिया क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बारिश के पानी से लबालब भरे और तेज बहाव वाले स्टॉप डैम पर स्कूली बच्चे एक किनारे से दूसरे किनारे तक छलांग लगा रहे हैं। बच्चों की पीठ पर भारी स्कूल बैग टंगे हुए हैं, जिससे जरा सा संतुलन बिगड़ने पर बड़ा हादसा हो सकता था। अपनी जान जोखिम में डालकर स्कूल पहुंचने की बच्चों की यह मजबूरी प्रशासनिक दावों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में इस रास्ते पर नाला उफान पर आ जाता है और कोई पक्का पुल न होने के कारण बच्चों को मजबूरी में इसी जानलेवा रास्ते से होकर स्कूल जाना पड़ता है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। लोगों ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर यहां सुरक्षा के इंतजाम करने और सड़क-पुल निर्माण कराने की मांग की है।

Share this

You may have missed