Govt Job News : अग्निवीर भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित, रायपुर के 170 युवाओं को मिलेगा निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण…NV News
Share this
NV News रायपुर, 4 अगस्त। भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए रायपुर जिले के 170 अभ्यर्थियों ने अगला चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Fitness Test) के लिए अपनी जगह बनाई है।
सफल अभ्यर्थियों को अगले चरण की तैयारी में मदद करने के लिए जिला प्रशासन और जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायपुर की ओर से एक विशेष पहल की गई है। शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने वाले इन 170 पात्र युवाओं को निःशुल्क फिजिकल ट्रेनिंग (शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण) प्रदान की जाएगी।
ट्रेनिंग में शामिल होने के इच्छुक पात्र अभ्यर्थियों से 10 अगस्त 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अभ्यर्थी कार्यालयीन समय के दौरान पुराना पुलिस मुख्यालय परिसर, लोकभवन के बाजू स्थित जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र पहुंचकर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। समय पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को विशेषज्ञों की देखरेख में दौड़ और अन्य शारीरिक परीक्षणों का अभ्यास कराया जाएगा।

