River Flood News: लगातार बारिश से उफान पर नदियां; सालों बाद बाबा कुलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में चढ़ा पानी…NV News

Share this

NV News रायपुर : छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते प्रदेश भर की नदियां और नाले उफान पर हैं। भारी बारिश के चलते नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसका एक विहंगम और अद्भुत दृश्य ‘छत्तीसगढ़ के प्रयाग’ कहे जाने वाले राजिम धाम में देखने को मिल रहा है, जहाँ महानदी रौद्र रूप दिखा रही है।

महानदी का जलस्तर अचानक अत्यधिक बढ़ जाने के कारण सालों बाद त्रिवेणी संगम के बीचो-बीच स्थित सुप्रसिद्ध बाबा कुलेश्वर नाथ महादेव मंदिर परिसर तक पानी पहुँच गया है। मंदिर में पैरी, सोढूर और महानदी के पवित्र संगम का पानी चढ़ने की खबर मिलते ही स्थानीय श्रद्धालुओं और नागरिकों में भक्ति और कौतूहल का माहौल है। सालों बाद बने इस संयोग को देखने के लिए लोग संगम तट पर जुट रहे हैं।

लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर आ गए हैं। त्रिवेणी संगम और मंदिर के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे। प्रशासन ने निचले इलाकों और नदी तट के पास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मानसून की सक्रियता अभी बनी रहेगी और आने वाले दिनों में भी कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे उफान पर बहती नदियों के करीब न जाएं और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह से पालन करें।

Share this

You may have missed