SCERT Class 8 Curriculum: SCERT की किताब में चमकी खैरागढ़ की कला; कक्षा 8वीं के विद्यार्थी पढ़ेंगे धरम-मनीषा की बनाई शैल-कलाकृतियां…NV News

Share this

NV News खैरागढ़ : छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक व कला नगरी खैरागढ़ के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। यहाँ की अद्भुत कला को अब राज्य स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), छत्तीसगढ़ ने कक्षा 8वीं की सहायक वाचन पुस्तक में खैरागढ़ के प्रतिभावान युवा कलाकार दंपति धरम नेताम और मनीषा नेताम द्वारा तैयार की गई शैल-कलाकृतियों (Rock Artworks) को शामिल किया है।

इस महत्वपूर्ण पहल के बाद अब प्रदेशभर के लाखों स्कूली विद्यार्थी पाठ्यपुस्तक के माध्यम से उनकी बनाई शैल-कलाकृतियों के ज़रिए इतिहास, विज्ञान और कला के अनोखे संगम का अध्ययन करेंगे। युवा दंपति की इस उपलब्धि से न केवल खैरागढ़ बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के कला जगत में हर्ष का माहौल है।

धरम नेताम और मनीषा नेताम लंबे समय से शैल-चित्रों और प्राचीन कलाकृतियों के संरक्षण व पुनर्रचना पर शोध और कार्य कर रहे हैं। उनकी बनाई इन कृतियों को पाठ्यपुस्तक में स्थान मिलने से विद्यार्थियों को प्रागैतिहासिक कालीन कला, शैल-चित्रों के ऐतिहासिक महत्व और उनके पीछे के वैज्ञानिक दृष्टिकोण को आसानी से समझने में मदद मिलेगी।

शिक्षाविदों और स्थानीय नागरिकों ने इस सराहनीय कदम के लिए SCERT का आभार व्यक्त किया है। उनका मानना है कि स्थानीय कलाकारों और उनकी कला को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने से भावी पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक धरोहर और समृद्ध इतिहास पर गर्व करने की प्रेरणा मिलेगी।

Share this

You may have missed