Animesh Kujur CWG 2026 Performance: जशपुर का लाल अनिमेष कुजूर राष्ट्रमंडल खेलों में चमका; 200 मीटर स्पर्धा के सेमीफाइनल में बनाई जगह…NV News
Share this
NV News जशपुर : ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों (कॉमनवेल्थ गेम्स 2026) से भारत और छत्तीसगढ़ के लिए बेहद गर्व की खबर सामने आई है। राज्य के उभरते हुए युवा एथलीट अनिमेष कुजूर ने अपने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू को बेहद यादगार बना दिया है। पुरुषों की 200 मीटर दौड़ स्पर्धा में जशपुर जिले के अनिमेष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीधे सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
प्रतियोगिता के दौरान अनिमेष कुजूर ने जबरदस्त रफ्तार दिखाते हुए महज 20.46 सेकंड में अपनी 200 मीटर की रेस पूरी की। सभी हीट्स में हिस्सा लेने वाले दुनिया भर के शीर्ष धावकों में अनिमेष का समय 7वां सबसे तेज दर्ज किया गया। राष्ट्रमंडल खेलों के नियमानुसार शीर्ष 16 प्रदर्शन करने वाले एथलीटों को ही अगले दौर यानी सेमीफाइनल का टिकट मिलता है, जिसे अनिमेष ने आसानी से हासिल कर लिया।
जशपुर के माटी के लाल अनिमेष के इस ऐतिहासिक और धमाकेदार प्रदर्शन के बाद पूरे छत्तीसगढ़ समेत देश भर में खुशी का माहौल है। जशपुर में उनके घर और पैतृक गांव में मिठाइयां बांटी जा रही हैं। खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी इस अभूतपूर्व सफलता पर बधाई दी है।
अब पूरा देश और प्रदेशवासी अनिमेष कुजूर से सेमीफाइनल और उसके बाद होने वाले फाइनल मुकाबले में देश के लिए स्वर्ण या अन्य पदक जीतने की आस लगाए बैठे हैं। अनिमेष के इस शानदार प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ के अन्य युवा खिलाड़ियों और एथलीटों को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर आगे बढ़ने की जबरदस्त प्रेरणा मिलेगी।

