छत्तीसगढ़ को खेल हब बनाने नई सोच और विजन के साथ करें काम: अरुण साव…NV News

Share this

NV News रायपुर। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने आज खेल विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित इस समीक्षा बैठक में उन्होंने विभागीय अधिकारियों और प्रशिक्षकों को राज्य में एक नई खेल संस्कृति विकसित करने तथा छत्तीसगढ़ को ‘खेल हब’ के रूप में स्थापित करने के लिए नई सोच व विजन के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, आदिम जाति कल्याण, पुलिस और वन विभाग द्वारा आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में सक्रिय उपस्थिति दर्ज कर कम उम्र की प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें तराशने तथा समुचित मार्गदर्शन प्रदान करने पर विशेष जोर दिया। इस बैठक में विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम भी उपस्थित रहे।

खेल अधोसंरचना और प्रशिक्षण को मजबूत करने के निर्देश देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाग द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी इनसे जुड़ सकें। उन्होंने प्रदेश के हर जिले में सभी खेलों के संघों का गठन करने और शासन से सहयोग प्राप्त करने के लिए उनका अनिवार्य पंजीयन कराने को कहा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने निर्माणाधीन स्टेडियमों व खेल परिसरों के कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता वी. एस. कोरम को प्राथमिकता के साथ निर्माण कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही उप मुख्यमंत्री कार्यालय को हर महीने इन कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए।

जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए अरुण साव ने जिला खेल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विकासखंड शिक्षा अधिकारियों से समन्वय बनाकर स्कूलों में प्रतिदिन खेलों का एक पीरियड सुनिश्चित कराएं। इसके साथ ही जनपद पंचायतों के माध्यम से गांव-गांव में खेल का बेहतर माहौल बनाने के लिए सरपंचों व सचिवों को प्रेरित करने को कहा गया। उन्होंने सभी प्रशिक्षकों व खेल अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों, आधुनिक तकनीकों, नए नियमों और खेल उपकरणों के अनुरूप खुद को अपडेट रखने का आह्वान किया। बैठक में संयुक्त संचालक प्रभाकर पाण्डेय, उप संचालक रश्मि ठाकुर और रवि अग्रवाल सहित राज्य भर के खेल अधिकारी और प्रशिक्षक मौजूद थे।

Share this