Bijapur Tendu Patta Record: बीजापुर ने रचा इतिहास, तेंदूपत्ता नीलामी में वर्षों का सर्वाधिक रिकॉर्ड मूल्य प्राप्त; वन मंत्री केदार कश्यप ने दी बधाई
Share this
बीजापुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने बीजापुर जिला यूनियन द्वारा तेंदूपत्ता नीलामी में वर्षों का सर्वाधिक रिकॉर्ड मूल्य प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। इस ऐतिहासिक सफलता पर उन्होंने सभी तेंदूपत्ता संग्राहकों, प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों और वन विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि वनाधारित आजीविका को सशक्त बनाने और वनवासी परिवारों की आर्थिक समृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मंत्री केदार कश्यप ने जानकारी दी कि बीजापुर जिला यूनियन की 28 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के अंतर्गत 45 तेंदूपत्ता लॉटों का संग्रहण किया गया था, जिनमें से 36 लॉटों पर बेहतरीन प्रतिस्पर्धात्मक निविदाएँ प्राप्त हुईं। इनमें से 4 लॉटों को ₹10,000 प्रति मानक बोरा से अधिक और 8 लॉटों को ₹9,000 से अधिक की दरें मिलीं। नई तेंदूपत्ता नीति, गुणवत्तापूर्ण संग्रहण, वैज्ञानिक उपचार और पारदर्शी नीलामी व्यवस्था के कारण बीजापुर को यह सफलता मिली है, जिससे हजारों संग्राहक परिवारों को बोनस के रूप में भी अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
वन आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए मंत्री ने कहा कि बीजापुर ने यह सिद्ध कर दिया है कि सामूहिक प्रयास और पारदर्शी व्यवस्था से नई ऊँचाइयों को छुआ जा सकता है। यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने जिला यूनियन के अधिकारियों, समिति पदाधिकारियों और मैदानी अमले के योगदान की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी बीजापुर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

