NEET Paper Leak Controversy: NEET पेपर लीक की आग छत्तीसगढ़ तक फैली, भाजपा-कांग्रेस ने एक-दूसरे के खिलाफ किया प्रदर्शन, पत्थरबाजी के बीच पुलिस ने छोड़े आंसू गैस…NV News
Share this
NV News रायपुर। नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में जारी सियासी बवाल का असर अब छत्तीसगढ़ में भी बड़े पैमाने पर देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर में इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों दलों के बीच बढ़ा तनाव इस कदर उग्र हो गया कि दोनों ओर से तीखी झड़प और झूमाझटकी के बाद माहौल बेहद संवेदनशील हो गया। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस को बीच-बचाव के लिए कड़े कदम उठाने पड़े।
विवाद की मुख्य वजह दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के सामने किए गए प्रदर्शन को माना जा रहा है। बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास किया गया। इसी के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने रायपुर में कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय ‘राजीव भवन’ की ओर कूच किया। वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार की नाकामी का आरोप लगाते हुए बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया, जिससे दोनों पार्टियों के प्रदर्शनकारी सडकों पर टकरा गए।
प्रदर्शन के दौरान दोनों पक्षों के बीच देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया और स्थिति अनियंत्रित होने लगी। हिंसा और अफरा-तफरी का माहौल बनते देख मौके पर तैनात पुलिस बल ने मोर्चा संभाला। उपद्रवियों और आक्रोशित कार्यकर्ताओं को तीतर-बीतर करने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन से तेज पानी की बौछारें छोड़ीं और फिर आंसू गैस के गोले दागे। इस कार्रवाई के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखा जा सके।

