Chhattisgarh Agriculture Update: प्रदेश में खेती-किसानी जोरों पर, 33.50 लाख हेक्टेयर में बोनी पूरी; किसानों को 6633 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरित….NV News
Share this
NV News रायपुर। प्रदेश में मानसून की दस्तक के साथ ही खेती-किसानी का कार्य पूरे शबाब पर है। राज्य में 22 जुलाई की स्थिति तक 33.50 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी की जा चुकी है, जो कि चालू खरीफ सीजन के निर्धारित लक्ष्य का 69 प्रतिशत है। इस वर्ष राज्य सरकार ने कुल 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया है। अच्छी बारिश के बीच किसान धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग और मूंगफली जैसी फसलों की बुवाई में जुटे हुए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कृषि एवं संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मांग के अनुसार सोसायटियों में प्रमाणित बीज और उर्वरकों का सुचारू वितरण सुनिश्चित किया जाए और लापरवाही बारातने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कृषि मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है। अब तक राज्य के किसानों को 9.22 लाख मीट्रिक टन खाद और 4.12 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का वितरण किया जा चुका है।
किसानों को आर्थिक सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। चालू खरीफ सीजन में अब तक किसानों को 6633.71 करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त ऋण दिया जा चुका है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। इस वर्ष कुल 8800 करोड़ रुपये का ऋण बांटने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही, प्रदेश में अब तक 389.7 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जिससे कृषि गतिविधियों को काफी गति मिली है।

