CG Crime News: धमतरी में दिनदहाड़े चावल कारोबारी की गला रेतकर हत्या, कुरुद थाना क्षेत्र में सनसनी, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस…NV News

Share this

NV News धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कुरुद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नारी में बुधवार की सुबह दिनदहाड़े एक चावल कारोबारी की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। सरेराह हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

घटनाक्रम की जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह चावल व्यवसायी नीरज साहू रोज की तरह अपने वाहन में चावल लोड कर कंडेल से ग्राम नारी की ओर व्यापार के सिलसिले में निकले थे। जैसे ही उनका वाहन नारी पुल के पास पहुँचा, पहले से घात लगाकर बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन्हें सुनियोजित तरीके से घेर लिया। इसके बाद हमलावरों ने ताबड़तोड़ धारदार हथियारों से नीरज साहू पर प्राणघातक हमला बोल दिया।

हमलावरों ने व्यवसायी के गले, छाती और शरीर के अन्य संवेदनशील हिस्सों पर कई घातक वार किए। अत्यधिक खून बह जाने के कारण नीरज साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर अज्ञात हत्यारों की पतासाजी शुरू कर दी है। इस सनसनीखेज हत्या के बाद से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश एवं दहशत का माहौल है।

Share this

You may have missed