चातुर्मास से पहले निगम अलर्ट, जैन मंदिर मार्ग पर 19 जुलाई तक दुरुस्त होंगी सभी व्यवस्थाएं…NV News
Share this
NV News रायपुर। राजधानी रायपुर के मालवीय रोड स्थित दिगंबर जैन समाज मंदिर भवन में 19 जुलाई से शुरू होने वाले चातुर्मास को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम के सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने अधिकारियों के साथ मंदिर मार्ग का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं और जैन मुनियों के आगमन से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, गंदे पानी की निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। दिगंबर जैन समाज के पदाधिकारियों ने चातुर्मास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की जानकारी देते हुए नगर निगम से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया था। इसके बाद जोन-4 के अधिकारियों को 19 जुलाई से पहले सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम ने कहा कि चातुर्मास के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आयोजन स्थल पर सभी नागरिक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि धार्मिक आयोजन सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

