Chhattisgarh Assembly Monsoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र से पहले कार्यमंत्रणा समिति की बैठक, सीएम विष्णु देव साय ने विस अध्यक्ष रमन सिंह से की सौजन्य मुलाकात…NV News
Share this
NV News रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस (मानसून) सत्र के शुभारंभ के अवसर पर आज विधायी कामकाज को सुचारू रूप से चलाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की यह बैठक विधानसभा के समिति कक्ष में संपन्न हुई। बैठक में सत्र के दौरान ध्यानाकर्षण, विधायी कार्यों और विभिन्न चर्चाओं के समय निर्धारण को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष सहित प्रमुख मंत्री रहे उपस्थित
इस उच्चस्तरीय बैठक में सत्ता पक्ष और विपक्ष के प्रमुख नेता एक साथ मंच पर नजर आए। बैठक में मुख्य रूप से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित कार्यमंत्रणा समिति के अन्य वरिष्ठ सदस्यगण उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने सदन की गरिमा और जनहित के मुद्दों पर रचनात्मक चर्चा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री साय ने विस अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट कर किया अभिनंदन
पावस सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पूर्व एक बेहद आत्मीय दृश्य भी देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने षष्ठम विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका आदरपूर्वक अभिनंदन किया और सत्र के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।

