Chhattisgarh Anti-Naxal Operation: छत्तीसगढ़ में माओवादियों को बड़ा झटका, दंतेवाड़ा में भारी मात्रा में हथियार और 16 लाख का सोना जब्त….NV News
Share this
NV News दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दक्षिण बस्तर में सक्रिय माओवादियों को सुरक्षा बलों ने एक और करारा झटका दिया है। जिले के बारसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तोडमा गांव के घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों में चलाए गए एक बड़े सर्च ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। दंतेवाड़ा पुलिस को यह कामयाबी हाल ही में आत्मसमर्पण (सरेंडर) करने वाले माओवादियों से मिली पक्की और गोपनीय जानकारी (इनपुट) के आधार पर हासिल हुई है।
जंगलों में छिपाकर रखा गया था 16 लाख का सोना और कैश
सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए इस सफल ऑपरेशन में नक्सलियों द्वारा डंप करके रखी गई लगभग 18 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है। इस बरामदगी में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि नक्सलियों के ठिकाने से 16 लाख रुपये की कीमत का 116 ग्राम वजनी सोने का बिस्किट बरामद हुआ है। इसके साथ ही ₹2 लाख नगद भी जब्त किए गए हैं, जिसे नक्सलियों ने लेवी (जबरन वसूली) के जरिए जुटाया था और आने वाले दिनों में किसी बड़ी हिंसक वारदात को अंजाम देने के लिए जंगलों में छिपाकर रखा था।
हथियार और विस्फोटक जब्त, इलाके में सर्चिंग तेज
सोने और नगदी के अलावा सुरक्षा बलों ने मौके से भारी मात्रा में विस्फोटक, डेटोनेटर, नक्सली साहित्य, दैनिक उपयोग की चीजें और हथियार भी बरामद किए हैं। दंतेवाड़ा पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम इस कार्रवाई के बाद बेहद मुस्तैद है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में सोने और नकदी की बरामदगी से नक्सलियों के सप्लाई और फंडिंग नेटवर्क को गहरा धक्का लगा है। एहतियात के तौर पर तोडमा और आसपास के जंगलों में सुरक्षा बलों की सर्चिंग ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है।

