‘मोर खारून मोर सम्मान’ महाअभियान: महापौर मीनल चौबे और आयुक्त संबित मिश्रा की अगुवाई में 600 सफाई मित्रों ने नदी से निकाली टनों जलकुंभी…NV News
Share this
NV News- Raipur Kharun River Cleaning Campaign: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की जीवनदायिनी मानी जाने वाली खारून नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर पालिक निगम द्वारा एक ऐतिहासिक पहल की गई है। महादेवघाट पर ‘मोर खारून मोर सम्मान’ सफाई महाअभियान का शंखनाद किया गया। महापौर मीनल चौबे की विशेष अपील पर नगर निगम के सभी जनप्रतिनिधि, वार्ड पार्षद और अधिकारी-कर्मचारी एक मंच पर जुटे। आयुक्त संबित मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति में लगभग 600 सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों ने मिलकर खारून मैया को जलकुंभी से मुक्त करने के लिए विशाल श्रमदान किया। इस महाअभियान के जरिए समाज को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का एक बेहद सकारात्मक संदेश दिया गया है।
सामूहिक जिम्मेदारी से ही स्वच्छ रहेगी खारून नदी
अभियान की कमान संभालते हुए महापौर मीनल चौबे ने कहा कि रायपुर की पहचान और जीवनदायिनी खारून मैया की सफाई कर उसे अविरल-स्वच्छ रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि कोई भी नागरिक नदी के भीतर गंदगी, कचरा, पॉलिथीन या पूजन सामग्री न डालें। नगर निगम ने अपना दायित्व निभाया है, अब जनता को इसमें सक्रिय सहभागिता दर्ज करानी होगी। इसके साथ ही महापौर ने अधिकारियों को दोटूक चेतावनी दी कि यदि खारून की सफाई व्यवस्था में भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिली, तो कड़ी जवाबदेही तय करते हुए संबंधितों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा ने कहा कि निगम के इतिहास में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर खारून नदी की सफाई का महाअभियान चलाया जा रहा है।
दर्जनों वाहनों में भरकर निकाली गई जलकुंभी
श्रमदान के दौरान अद्भुत नजारा देखने को मिला जब भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और सफाई कर्मी नदी में उतरे। देखते ही देखते दर्जनों टाटा एस (छोटा हाथी) वाहनों में भरकर जलकुंभी को नदी से बाहर निकाला गया और उसका तत्काल सुरक्षित परिवहन कराया गया। इस महाअभियान में स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर, एमआईसी सदस्य सरिता आकाश दुबे, सुमन अशोक पाण्डेय, महेंद्र खोडियार, मनोज वर्मा, अमर गिदवानी, भोलाराम साहू, नंदकिशोर साहू, खेम कुमार सेन सहित सभी 10 जोनों के अध्यक्ष—गज्जू साहू, डॉ प्रमोद साहू (प्रतिनिधि), मुरली साहू, अंबर अग्रवाल, बद्री प्रसाद गुप्ता, श्वेता विश्वकर्मा, प्रीतम सिंह ठाकुर, गोपेश साहू और विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने पसीना बहाया।
प्रशासनिक अमले से अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, जोन 8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल, स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी योगेश कडु सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के स्वयंसेवक, पर्यावरण प्रेमी और वरिष्ठ नागरिक भी इस पुनीत कार्य का हिस्सा बने। अंत में नगर निगम प्रशासन ने समस्त राजधानी वासियों से रायपुर को स्वच्छ, सुंदर, विकसित और हरित शहर बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान देने की विनम्र अपील की।

