टीम प्रहरी अभियान: रायपुर के विजयनगर चौक और शीतला तालाब क्षेत्र से हटाए गए अवैध ठेले-गुमटियां, नागरिकों को जाम से मिली राहत…NV News
Share this
NV News- राजधानी रायपुर को अतिक्रमण मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के लिए ‘टीम प्रहरी अभियान’ के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला और रायपुर जिला कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार तथा नगर निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। इसके तहत रायपुर नगर निगम जोन 9 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महर्षि वाल्मीकि वार्ड क्रमांक 32 के विजय नगर चौक और शीतला तालाब क्षेत्र में जनहित और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़कों पर से अवैध ठेलों और गुमटियों को हटाने की संयुक्त कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के सक्रिय सहयोग से रायपुर नगर निगम मुख्यालय नगर निवेश उड़न दस्ता और निगम जोन 9 नगर निवेश विभाग की टीम ने मिलकर इस मार्ग को पूरी तरह से कब्जामुक्त कराया। यह कार्रवाई जोन 9 जोन कमिश्नर राकेश शर्मा, कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, सहायक अभियंता सैयद जोहेब, उप अभियंता रविप्रभात साहू और अतुल बंसल की प्रत्यक्ष उपस्थिति में की गई। टीम ने सड़क पर अवैध रूप से लगकर यातायात बाधित कर रहे लगभग 12 अवैध ठेलों और गुमटियों को मौके से हटाया। इसके साथ ही संबंधित दुकानदारों को भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी देते हुए जुर्माना भी वसूल किया गया, जिससे विजय नगर चौक और शीतला तालाब मार्ग में नागरिकों को सुगम आवागमन की त्वरित राहत मिली।
नगर निगम और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि टीम प्रहरी अभियान का मुख्य उद्देश्य राजधानी रायपुर के विभिन्न प्रमुख चौराहों, व्यस्ततम बाजारों और तालाबों के आसपास के क्षेत्रों को अतिक्रमण से मुक्त कराना है। सड़कों के किनारे अवैध रूप से कब्जा होने के कारण आए दिन लगने वाले यातायात जाम से आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर के सुव्यवस्थित विकास और सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए आने वाले दिनों में भी इस तरह का अभियान निरंतर जारी रहेगा और अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

