टैगोर नगर में कचरा जलाने पर एचपी गैस एजेंसी पर गिरी गाज, नगर निगम ने वसूला ₹4000 का ई-जुर्माना…NV News
Share this
NV News- राजधानी रायपुर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में नगर पालिक निगम ने अपनी सख्त कार्रवाई जारी रखी है। इसी कड़ी में आज रायपुर नगर पालिक निगम जोन 6 स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर और जोन 6 जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में टैगोर नगर स्थित एचपी गैस एजेंसी पर नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में तत्काल कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई जोन 10 जोन स्वास्थ्य अधिकारी आदिव्य हजारी, स्वच्छता निरीक्षक महेंन्द्र कलिहारी, अजय शर्मा और अभिषेक जायसवाल की उपस्थिति में की गई। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि टैगोर नगर स्थित एचपी गैस एजेंसी परिसर के पास खुले में कचरा जलाया जा रहा था, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ गैस एजेंसी के पास होने के कारण सुरक्षा का भी गंभीर खतरा बना हुआ था। लापरवाही उजागर होने पर अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए एजेंसी के संबंधित संचालक को आड़े हाथों लिया।
नगर निगम की टीम ने प्रदूषण फैलाने और नियमों की अनदेखी करने पर संबंधित संचालक को भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी दी और मौके पर ही तत्काल ₹4000 का ई-जुर्माना ठोक दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शहर के भीतर खुले में कचरा जलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है और ऐसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने गैस एजेंसी प्रबंधन को सख्त हिदायत दी है कि कचरे का निपटान नियमानुसार किया जाए, अन्यथा आगे इससे भी बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

