नगर निगम जोन 2 में मॉनसून पूर्व तैयारियां तेज: सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने बुलाई समीक्षा बैठक, नाला सफाई और शुद्ध पेयजल के दिए निर्देश…NV News
Share this
NV News- आगामी मॉनसून को ध्यान में रखते हुए रायपुर नगर पालिक निगम के सभापति और जोन 2 के पदेन अध्यक्ष सूर्यकांत राठौड़ ने आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। जोन 2 कार्यालय में आयोजित इस बैठक में जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता पीडी घृतलहरे सहित नगर निवेश, स्वास्थ्य और राजस्व विभाग के सभी प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य बारिश के मौसम में शहरवासियों को होने वाली संभावित जलभराव, गंदगी और अन्य नागरिक समस्याओं से निजात दिलाना और मॉनसून पूर्व तैयारियों को समय पर अमलीजामा पहनाना था।
सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि मॉनसून की पहली बारिश के आगमन से पूर्व ही जोन 2 के अंतर्गत आने वाले सभी 7 वार्डों के बड़े नालों और नालियों की तले तक सघन सफाई (डी-सिल्टिंग) सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल निकासी का मार्ग पूरी तरह सुगम होना चाहिए ताकि भारी बारिश के दौरान भी रिहायशी इलाकों में जलभराव की स्थिति निर्मित न हो और नागरिकों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में चल रहे सभी प्रगतिरत विकास और निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के आदेश दिए।
बैठक में बारिश के दिनों में महामारी और बिजली संकट से बचाव पर भी विस्तृत चर्चा हुई। सभापति ने स्वास्थ्य और जल प्रदाय विभाग को निर्देशित किया कि मॉनसून के दौरान सभी वार्डों में क्लोरीनयुक्त शुद्ध पेयजल की आपूर्ति लगातार मॉनिटरिंग के साथ सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त, अघोषित बिजली कटौती या फॉल्ट से निपटने के लिए स्ट्रीट लाइट प्रबंधन को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जोन कमिश्नर को नगर निवेश विभाग के कार्यों की सतत मॉनिटरिंग और मूल्यांकन करने को कहा ताकि हर स्तर पर पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहे।

