नगर निगम की बड़ी पहल: सभी घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य, कमिश्नर ने वास्तुविदों को दिए सख्ती के निर्देश…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आगामी मानसून को देखते हुए जल संरक्षण की दिशा में नगर पालिक निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर मीनल चौबे और निगम आयुक्त संबित मिश्रा के दिशा-निर्देश पर आज नगर निगम जोन 8 की कमिश्नर राजेश्वरी पटेल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्र के समस्त पंजीकृत वास्तुविदों (आर्किटेक्ट्स और भवन डिजाइनर्स) को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था, ताकि शहर में वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) को एक जनांदोलन का रूप दिया जा सके।

बैठक के दौरान जोन कमिश्नर ने सभी वास्तुविदों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि वे नए और पुराने सभी प्रकार के भवन स्वामियों के माध्यम से रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित कराना सुनिश्चित करें। इसके लिए निर्माण कार्यों की सतत निगरानी करने के आदेश भी दिए गए हैं। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने साफ किया है कि जल संरक्षण को लेकर नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और जो भी भवन इन नियमों की अनदेखी करेंगे, उन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जोन 8 के कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा सहित नगर निवेश विभाग के कई तकनीकी अधिकारी मौजूद रहे।

इस महत्वपूर्ण अभियान को लेकर रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने समस्त शहरवासियों से एक भावुक और विनम्र अपील की है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष गर्मी के मौसम में होने वाले भीषण जलसंकट से मुक्ति पाने का एकमात्र उपाय जल संचयन ही है। महापौर ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने घरों में अनिवार्य रूप से रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाएं और ‘धरती माता को जल वापस लौटाने’ का सामूहिक संकल्प लें। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता की सक्रिय सहभागिता के बिना रायपुर को जल-सुरक्षित बनाना संभव नहीं है।

Share this

You may have missed