सीएम कन्या विवाह में अव्यवस्था पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बड़ा बयान, बोले- ‘मेरी सहमति से ही बदला गया था वेन्यू’, कमिश्नर करेंगे जांच…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक कार्यक्रम में हुई अव्यवस्थाओं को लेकर सियासी और प्रशासनिक गलियारों में मचे बवाल पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्थिति स्पष्ट की है. रायपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अचानक मौसम में आए बदलाव और खराब स्थिति को देखते हुए जिला कलेक्टर ने उनकी पूर्व सहमति के बाद ही ऐन वक्त पर आयोजन स्थल में परिवर्तन करने का निर्णय लिया था.

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए यह भी साफ किया है कि कार्यक्रम में जो भी कमियां या अव्यवस्थाएं सामने आई हैं, उनकी पूरी पारदर्शिता के साथ जांच कराई जाएगी. इसके लिए उन्होंने संबंधित संभाग के कमिश्नर को पूरे मामले की विस्तृत जांच करने के सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं. सीएम ने कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम की एक बेहद खास और सकारात्मक बात का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस भव्य आयोजन में बेमेतरा के स्थानीय भाजपा विधायक दीपेश साहू का विवाह भी संपन्न हुआ है. विधायक साहू ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के मंच से आम जोड़ों के साथ विवाह सूत्र में बंधकर समाज को फिजूलखर्ची रोकने और सादगी अपनाने का एक बड़ा व ऐतिहासिक संदेश दिया है. मुख्यमंत्री ने नवविवाहित जोड़ों को अपनी शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं.

Share this

You may have missed