खूनी वारदात: घर में शराब पार्टी करने पर भड़का बेटा, 70 वर्षीय बुजुर्ग पिता की लकड़ी से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या…NV News
Share this
NV News- रायपुर जिले के तिल्दा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक कलयुगी बेटे ने अपने ही 70 वर्षीय बुजुर्ग पिता की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस खूनी वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान संतु कोठरी के रूप में हुई है, जो रेलवे के सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) कर्मचारी थे। पिता की हत्या करने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी संतु कोठरी को शराब पीने की गंभीर लत थी। वह अक्सर न सिर्फ खुद शराब पीते थे, बल्कि बाहर से अन्य लोगों को भी घर पर बुलाकर शराब पार्टी का आयोजन करते थे। पिता की इस बुरी आदत और आए दिन घर में होने वाली शराब पार्टियों से उनका बेटा बीरेंद्र कोठारी उर्फ राजू बेहद परेशान और नाराज रहता था। इस बात को लेकर अक्सर दोनों के बीच घर में कहासुनी और घरेलू विवाद की स्थिति निर्मित होती रहती थी।
सोमवार की रात को भी इसी बात को लेकर पिता और बेटे के बीच विवाद एक बार फिर गहरा गया। बहस इतनी ज्यादा बढ़ गई कि गुस्से से आगबबूला होकर बीरेंद्र कोठारी ने आपा खो दिया और घर में रखी भारी लकड़ी (डंडा) उठाकर अपने बुजुर्ग पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण बुजुर्ग संतु कोठरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। तिल्दा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी शुरू कर दी है।

