बस सफर होगा महंगा? डीजल के दाम बढ़ते ही किराया बढ़ाने अड़ा यातायात महासंघ, परिवहन मंत्री केदार कश्यप को सौंपा ज्ञापन…NV News
Share this
NV News- देशभर में डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और परिवहन लागत में भारी इजाफे के बीच अब छत्तीसगढ़ में भी बस सफर महंगा होने के आसार नजर आ रहे हैं। छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ ने राज्य में यात्री बसों का किराया बढ़ाने की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। महासंघ के प्रमुख पदाधिकारियों ने राजधानी रायपुर में प्रदेश के परिवहन मंत्री केदार कश्यप से मुलाकात की और अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। बस ऑपरेटरों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में पुरानी दरों पर बसों का संचालन करना उनके लिए आर्थिक रूप से बिल्कुल भी संभव नहीं रह गया है।
यातायात महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सैयद अनवर अली ने बताया कि छत्तीसगढ़ में आखिरी बार सितंबर 2021 में यात्री किराए में वृद्धि की गई थी। इसके बाद से पिछले करीब पांच वर्षों में बसों के संचालन और रखरखाव के खर्चों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। हाल ही के बीते 15 दिनों के भीतर ही डीजल के दाम 4 बार बढ़ाए जा चुके हैं। इसके अलावा बसों के चेचिस, बॉडी निर्माण, टायर, बीमा राशि, मैकेनिक मरम्मत, स्पेयर पार्ट्स की कीमतों और ड्राइवर-कंडक्टर सहित अन्य कर्मचारियों के वेतन में भी भारी वृद्धि हुई है, जिससे बस व्यवसाय पूरी तरह घाटे में चल रहा है।
महासंघ के पदाधिकारियों ने परिवहन मंत्री के समक्ष यह बात भी प्रमुखता से रखी कि परिवहन विभाग द्वारा समय-समय पर यात्री सुरक्षा के नाम पर कई नए नियम और उपकरण अनिवार्य किए गए हैं। इनमें व्हीकल फिटनेस, सीट बेल्ट, स्पीड गवर्नर, पैनिक बटन और हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं, जिन्हें लगवाने में बस मालिकों को अपनी जेब से मोटी रकम खर्च करनी पड़ रही है। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने महासंघ की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और इस विषय पर नियमानुसार विचार करने का आश्वासन दिया है। यदि सरकार इस मांग को मानती है, तो आम जनता की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।

