CG में भीषण आग का कहर: थाना परिसर में खड़ी जब्त गाड़ियां जलकर खाक, राइस मिल में भी लाखों का नुकसान…NV News
Share this
NV News- धमतरी। छत्तीसगढ़ में नौतपा की दस्तक और भीषण गर्मी के बीच आगजनी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। धमतरी जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई है। पहली घटना अर्जुनी थाना परिसर की है, जहां खुले मैदान में रखे कंडम और पुलिस द्वारा जब्त किए गए वाहनों में अचानक भीषण आग लग गई। तेज हवाओं और चिलचिलाती गर्मी के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पांच जब्त वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आसमान में उठते धुएं के गुबार को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया।
आगजनी का दूसरा बड़ा मामला कुरूद क्षेत्र का है, जहां एक राइस मिल में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। मिल के भीतर रखी लाखों रुपये की संपत्ति और बारदाने इस आग की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक मिल संचालक को लाखों रुपये का नुकसान हो चुका था। दोनों ही घटनाओं ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
शुरुआती आशंका के मुताबिक, यह आग शॉर्ट सर्किट या सूखी झाड़ियों में सुलगती चिंगारी की वजह से लगी हो सकती है। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन की टीमें दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही हैं। गर्मी के इस मौसम में थानों और फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों को लेकर अब बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नुकसान का सटीक आकलन और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

