खौलता हुआ पानी बना काल: कोयलीबेड़ा में 45 डिग्री की गर्मी से उबला तालाब, कई क्विंटल मछलियों की मौत…NV News
Share this
NV News- कोयलीबेड़ा क्षेत्र में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी अब जनजीवन के साथ-साथ पर्यावरण और जलजीवों के लिए भी जानलेवा संकट बन गई है। मंगलवार को इलाके का पारा रिकॉर्ड 45°C तक पहुंच गया, जिससे पूरा अंचल मानों तपती भट्टी में तब्दील हो गया। आसमान से बरसती आग और झुलसाने वाली गर्म हवाओं (लू) ने लोगों का घरों से बाहर निकलना पूरी तरह दूभर कर दिया है।
इस जानलेवा और रिकॉर्डतोड़ तापमान का सबसे भयावह व दर्दनाक असर अब स्थानीय जलस्रोतों में देखने को मिल रहा है। क्षेत्र के एक बड़े तालाब का पानी अत्यधिक गर्मी के कारण खौलने लगा, जिससे पानी में ऑक्सीजन की भारी कमी हो गई। इसके परिणामस्वरूप तालाब में पल रही कई क्विंटल मछलियों की तड़प-तड़प कर मौत हो गई, और वे पानी की सतह पर तैरती नजर आईं।
एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मछलियों के मरने से पूरे ग्रामीण इलाके में हड़कंप मच गया है। तालाब से आ रही भयंकर दुर्गंध के कारण आसपास के ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है, जिससे महामारी फैलने का खतरा भी मंडराने लगा है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस प्राकृतिक आपदा की सूचना तुरंत प्रशासन और मत्स्य विभाग को दी है, ताकि मृत मछलियों को निकालकर स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

