गुपचुप खाने से फूड पॉइजनिंग का कहर: 8 लोग अस्पताल में भर्ती, 3 साल के मासूम की हालत नाजुक…NV News

Share this

NV News- बेमेतरा जिले के स्थानीय बाजार चौक स्थित एक गुपचुप (पानीपूरी) ठेले का स्वाद चखना ग्रामीणों के लिए बेहद भारी साबित हुआ है। ग्राम खण्डसरा के एक गुपचुप कॉर्नर पर चाट-गुपचुप खाने के बाद लोगों को अचानक उल्टी, दस्त, तेज बुखार और पेट में असहनीय दर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते मरीजों की संख्या बढ़ने लगी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बीमारों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते 16 और 17 मई को दूषित गुपचुप खाने के बाद अचानक ग्रामीणों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई थी। इस फूड पॉइजनिंग के शिकार कुल 8 मरीजों को गंभीर स्थिति में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खण्डसरा में दाखिल कराया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है, लेकिन दूषित पानी और खाद्य सामग्री के सेवन से संक्रमण तेजी से फैला है।

अस्पताल में भर्ती मरीजों में एक 3 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है, जिसकी स्थिति लगातार बिगड़ने के कारण हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम अलर्ट हो गई है। डॉक्टरों का कहना है कि भीषण गर्मी के मौसम में बासी और दूषित खाद्य पदार्थों के कारण बैक्टीरिया पनप जाते हैं, जो ऐसी गंभीर बीमारियों का कारण बनते हैं।

Share this