तेज बारिश के बीच ग्राउंड जीरो पर पहुंचे निगम आयुक्त, जलभराव वाले क्षेत्रों का लिया जायजा…NV News
Share this
NV News- Raipur रायपुर नगर निगम के नव नियुक्त आयुक्त संबित मिश्रा ने शहर में हुई अचानक तेज बारिश के दौरान फील्ड पर उतरकर मोर्चा संभाला। उन्होंने शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों जैसे प्रोफेसर कॉलोनी, परशुराम नगर, छत्तीसगढ़ नगर और धरम नगर सहित कई क्षेत्रों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बारिश के पानी की निकासी और जलभराव की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त मिश्रा ने शहर के प्रमुख नालों—चार मुहा नाला, अरमान नाला, काशीराम नगर और बूढ़ापारा इंडोर स्टेडियम नाले—का भी सघन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि मानसून के पूर्ण आगमन से पहले सभी नालों की तल्ली (Floor) तक सघन सफाई सुनिश्चित की जाए। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जल निकासी में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त कर सुगम निकास प्रबंधन कायम किया जाए ताकि आम जनता को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
इस औचक निरीक्षण के दौरान आयुक्त के साथ नगर निगम जोन 4 के अध्यक्ष मुरली शर्मा, अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही सहित सभी जोनों के कमिश्नर और कार्यपालन अभियंता मौजूद रहे। आयुक्त ने फील्ड पर ही अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली और निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में बारिश के दौरान पानी जमा हो रहा है, वहां तत्काल तकनीकी सुधार किए जाएं और सफाई अभियान को और तेज किया जाए।

