IIIT रायपुर में बड़ी वारदात: सेमेस्टर परीक्षा के बीच हॉस्टल से 15 से ज्यादा लैपटॉप पार, CCTV में कैद हुआ शातिर चोर!…NV News
Share this
NV News- नवा रायपुर स्थित प्रतिष्ठित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) के हॉस्टल में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है। सोमवार दोपहर जब छात्र अपनी सेमेस्टर परीक्षा देने में व्यस्त थे, तभी एक अज्ञात युवक ने हॉस्टल परिसर में धावा बोला और छात्रों के कमरों से 15 से अधिक महंगे लैपटॉप लेकर रफूचक्कर हो गया। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी की घटना से संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और संस्थान प्रबंधन मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
चोरी की यह पूरी वारदात हॉस्टल में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें एक संदिग्ध युवक को बैग के साथ परिसर में घूमते और बाहर निकलते देखा जा रहा है। छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल की सुरक्षा में भारी चूक हुई है, जिसके कारण एक बाहरी व्यक्ति इतनी आसानी से अंदर घुसा और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। परीक्षा के तनाव के बीच अपनी कीमती शैक्षणिक सामग्री और लैपटॉप खोने से छात्रों में काफी आक्रोश है और उन्होंने सुरक्षा गार्डों की तैनाती पर भी सवाल उठाए हैं।
राखी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। पुलिस को शक है कि आरोपी को हॉस्टल के रास्तों और छात्रों के परीक्षा शेड्यूल की पहले से जानकारी थी। इस घटना के बाद IIIT प्रबंधन ने हॉस्टल की सुरक्षा बढ़ाने और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर सख्ती बरतने का आश्वासन दिया है। फिलहाल, पुलिस की टीमें संदिग्ध की पहचान करने के लिए छापेमारी कर रही हैं।

