हर्ष फायरिंग’ का तांडव: बीजेपी नेत्री की फैमिली वेडिंग में बच्चों और महिलाओं ने लहराए हथियार, जमकर चलीं गोलियां!…NV News
Share this
NV News- राजधानी रायपुर में एक हाई-प्रोफाइल शादी समारोह उस समय विवादों के घेरे में आ गया, जब वहां खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन और ‘हर्ष फायरिंग’ की गई। सोशल मीडिया पर वायरल हुए चौंकाने वाले वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे कानून की धज्जियां उड़ाते हुए युवक, महिलाएं और यहाँ तक कि छोटे बच्चे भी लाइसेंसी बंदूकों और पिस्टल से हवा में अंधाधुंध गोलियां चला रहे हैं। हद तो तब हो गई जब लोग हाथों में हथियार लेकर डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए, जिससे वहां मौजूद मेहमानों की जान भी जोखिम में पड़ सकती थी।
खबरों के मुताबिक, यह पूरा कार्यक्रम भाजपा नेत्री और मंडी बोर्ड की सदस्य मोनिका सिंह के परिवार से संबंधित है। वीडियो में उनके पति ऋतुपर्ण सिंह की मौजूदगी ने इस मामले को और भी गरमा दिया है। सत्ता पक्ष से जुड़े रसूखदार परिवार में इस तरह सरेआम हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग करना अब शहर में चर्चा का विषय बन गया है। कानूनन प्रतिबंधित होने के बावजूद एक प्रतिष्ठित परिवार के कार्यक्रम में हुई इस हरकत ने पुलिस और प्रशासन की सख्ती पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं।
वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। हालांकि यह लाइसेंसी हथियार बताए जा रहे हैं, लेकिन नियमों के अनुसार लाइसेंसी हथियारों का सार्वजनिक समारोहों में प्रदर्शन और हवाई फायरिंग करना गैरकानूनी है और इससे लाइसेंस रद्द होने के साथ-साथ जेल की सजा भी हो सकती है। अब देखना यह होगा कि राजधानी की पुलिस इस रसूखदार परिवार के खिलाफ क्या कदम उठाती है या फिर यह मामला भी महज जांच के भरोसे ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

