मुझे इंजीनियर नहीं बनना…’: बिलासपुर हॉस्टल से लापता JEE छात्र मुंबई में मिला, पिता को भेजा झकझोर देने वाला मैसेज!…NV News
Share this
NV News बिलासपुर- करियर की दौड़ और पढ़ाई के बोझ ने एक बार फिर एक मासूम छात्र को घर छोड़ने पर मजबूर कर दिया। बिलासपुर के विद्यानगर हॉस्टल से रहस्यमयी ढंग से गायब हुए 17 वर्षीय जेईई (JEE) एस्पिरेंट का सुराग आखिरकार मायानगरी मुंबई में मिला है। इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे इस छात्र ने अपने पिता को एक बेहद भावुक संदेश भेजा, जिसमें उसने अपने दिल का सारा दर्द बयां करते हुए कहा कि वह इस दबाव को और नहीं झेल सकता।
छात्र ने अपने मैसेज में साफ तौर पर लिखा, “मुझे इंजीनियर नहीं बनना है, मुझे बस नौकरी करनी है।” पिता की उम्मीदों और इंजीनियरिंग के भारी-भरकम सिलेबस के बीच पिस रहे इस छात्र ने मानसिक तनाव के चलते यह बड़ा कदम उठाया। तारबाहर थाना क्षेत्र के हॉस्टल से लापता होने के बाद परिजन काफी डरे हुए थे, लेकिन मुंबई में उसकी लोकेशन मिलने और मैसेज आने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है। यह घटना प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
फिलहाल, पुलिस की मदद से छात्र को वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह मामला एक बार फिर अभिभावकों को यह सोचने पर मजबूर करता है कि बच्चों पर उनकी इच्छा के विरुद्ध करियर थोपना कितना घातक साबित हो सकता है। छात्र का मुंबई पहुंचना और नौकरी की तलाश करना उसकी उस हताशा को दर्शाता है, जहाँ उसे पढ़ाई से ज्यादा सुकून काम करने में नजर आ रहा था।

