Hospitality Investment News: नवा रायपुर में 111 कमरों का Ginger Hotel होगा विकसित, बिजनेस और पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार…NV News

Share this

NV News रायपुर, 10 सितंबर 2026। नवा रायपुर अटल नगर की पहचान अब केवल प्रशासनिक राजधानी तक सीमित नहीं रह गई है। शहर तेजी से बिजनेस, निवेश, पर्यटन और आधुनिक सेवाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। इसी कड़ी में 111 कमरों वाले Ginger Hotel की स्थापना की घोषणा की गई है। यह परियोजना ECHT Ventures के साथ साझेदारी में ब्राउनफील्ड प्रोजेक्ट के रूप में विकसित की जाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नवा रायपुर में प्रतिष्ठित हॉस्पिटैलिटी ब्रांड का आना प्रदेश में बढ़ते निवेशकों के भरोसे और शहर की राष्ट्रीय पहचान का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नवा रायपुर को आधुनिक, सुविधायुक्त और निवेश के अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है। बेहतर हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं के विस्तार से देश-विदेश से आने वाले निवेशकों, उद्यमियों, प्रोफेशनल्स और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी तथा शहर की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

वित्त एवं आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि Ginger Hotel के आने से नवा रायपुर के तेजी से विकसित हो रहे बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी। शहर में संस्थानों, निवेश परियोजनाओं और कॉर्पोरेट गतिविधियों के विस्तार के साथ गुणवत्तापूर्ण आवास और आतिथ्य सुविधाओं की मांग भी बढ़ रही है। ऐसे में नई परियोजना नवा रायपुर की बढ़ती संभावनाओं को दर्शाती है।

111 कमरों के साथ मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

प्रस्तावित Ginger Nava Raipur में 111 कमरे होंगे। होटल में विशाल और आधुनिक कमरे, Ginger का सिग्नेचर Qmin ऑल-डे डाइनिंग रेस्टोरेंट, मीटिंग रूम और फिटनेस सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। होटल को बिजनेस के साथ-साथ पर्यटन और अवकाश के लिए नवा रायपुर आने वाले यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा।

यह परियोजना नवा रायपुर में आधुनिक हॉस्पिटैलिटी इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। नए होटल के साथ शहर में बिजनेस यात्रियों, पर्यटकों और विभिन्न आयोजनों से जुड़े लोगों के लिए आवास एवं आतिथ्य के विकल्प बढ़ेंगे।

नवा रायपुर की बदलती तस्वीर को मिलेगी मजबूती

नवा रायपुर में लगातार बढ़ती निवेश गतिविधियों और आधुनिक शहरी सुविधाओं के बीच यह होटल परियोजना शहर की नई आर्थिक पहचान को मजबूत करेगी। आने वाले समय में बिजनेस, पर्यटन और निवेश से जुड़ी गतिविधियों के विस्तार के साथ बेहतर हॉस्पिटैलिटी सुविधाएं भी शहर की जरूरत बनती जा रही हैं।

Share this

You may have missed