‘पोस्टर वॉर’: मुख्यमंत्री के आगमन से पहले डिप्टी सीएम विजय शर्मा बैनरों से आउट, भाजपा में अंदरूनी कलह तेज!…NV News
Share this
NV News मुंगेली- छत्तीसगढ़ के मुंगेली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के 10 मई के दौरे से ठीक पहले “पोस्टर पॉलिटिक्स” ने सियासी गलियारों में उबाल ला दिया है। शहर को सजाने के लिए लगाए गए स्वागत बैनरों और पोस्टरों से प्रदेश के कद्दावर नेता और डिप्टी सीएम विजय शर्मा की तस्वीरें नदारद हैं, जिसने भाजपा संगठन की आंतरिक गुटबाजी को चौराहों पर लाकर खड़ा कर दिया है।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और कार्यक्रम स्थल के मुख्य मार्गों पर लगे इन पोस्टरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय नेतृत्व, केंद्रीय राज्य मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष को तो जगह मिली है, लेकिन गृह मंत्री और डिप्टी सीएम विजय शर्मा का चेहरा गायब होना सबको खटक रहा है। सिर्फ विजय शर्मा ही नहीं, कई स्थानीय वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को भी इन पोस्टरों में तरजीह नहीं दी गई है।
डिप्टी सीएम जैसे रसूखदार चेहरे का पोस्टर से गायब होना अब चर्चा का विषय बन गया है। विपक्षी दल इसे भाजपा की आपसी खींचतान बता रहे हैं, वहीं पार्टी के भीतर भी दबी जुबान में संगठन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं के बीच यह सवाल गूँज रहा है कि क्या यह महज एक ‘छपाई की चूक’ है या फिर मुंगेली भाजपा में किसी बड़े सियासी बदलाव और गुटबाजी का संकेत?
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले उपजे इस विवाद ने प्रशासनिक तैयारियों के बीच राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गर्मा दिया है। अब देखना यह होगा कि मुख्यमंत्री के मंच पर पहुंचने से पहले संगठन इस ‘तस्वीर विवाद’ को कैसे सुलझाता है।

