खुशी मातम में बदली: पदोन्नति के बाद नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे SECL अधिकारी की सड़क हादसे में मौत, NH-130 पर हुआ भीषण हादसा…NV News
Share this
कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के वरिष्ठ अधिकारी आर. के. त्यागी की एक दर्दनाक सड़क हादसे में जान चली गई। विडंबना यह है कि त्यागी का हाल ही में प्रमोशन हुआ था और वे अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के लिए सिंगरौली जा रहे थे। इस खबर के बाद एसईसीएल परिवार और उनके करीबियों में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसा नेशनल हाईवे 130 (NH-130) पर बांगो थाना क्षेत्र के अंतर्गत चोटिया के पास हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, आर. के. त्यागी अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे, तभी उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अधिकारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आर. के. त्यागी एसईसीएल के एक अनुभवी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी माने जाते थे। हाल ही में पदोन्नति मिलना उनके और उनके परिवार के लिए बड़ी खुशी का अवसर था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा और रफ्तार के खतरों को चर्चा में ला दिया है। एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारियों और कर्मचारी संघों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे संस्थान के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।
