वनभूमि पर प्रशासन का प्रहार: महामाया पहाड़ पर चला बुलडोजर, 20 से अधिक अवैध मकान जमींदोज, भारी फोर्स तैनात…NV News

Share this

NV News- Raipur छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर की आराध्य देवी महामाया मंदिर और महामाया पहाड़ से सटे डबरीपानी के संरक्षित वन क्षेत्र में शुक्रवार सुबह ‘बुलडोजर’ गरजने लगा। वन विभाग की टीम ने चार एक्सीवेटर मशीनों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध रूप से बनाए गए मकानों को तोड़ना शुरू किया। पहले ही दिन 20 से ज्यादा मकानों को ध्वस्त करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।

प्रशासनिक जांच में इस संरक्षित वन क्षेत्र में कुल 157 अतिक्रमणकारियों को चिन्हित किया गया था, जिन्होंने अवैध रूप से पक्के और कच्चे मकान बनाकर वनभूमि पर कब्जा कर रखा था। विभाग द्वारा पूर्व में कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद कब्जा नहीं हटाए जाने पर यह कड़ा कदम उठाया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और राजस्व विभाग के अधिकारी तैनात हैं, ताकि किसी भी प्रकार के विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

महामाया पहाड़ का यह इलाका पर्यावरणीय और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि संरक्षित वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार का निर्माण गैरकानूनी है और इसे पूरी तरह खाली कराया जाएगा। शुक्रवार सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई से पूरे शहर में चर्चा का माहौल है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि चिन्हित किए गए सभी 157 अवैध ढांचों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा ताकि वन संपदा और पहाड़ के पारिस्थितिकी तंत्र को सुरक्षित रखा जा सके।

Share this

You may have missed