बीजापुर का सफर: निगम आयुक्त विश्वदीप को दी गई भावभीनी विदाई, कलेक्टर गौरव सिंह ने याद किया गुढ़ियारी आगजनी का वो ‘साहसिक’ कारनामा…NV News

Share this

NV News- रायपुर, 7 मई 2026: राजधानी रायपुर के रेडक्रॉस सभाकक्ष में आज एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जहाँ नगर निगम आयुक्त विश्वदीप को उनके नवीन दायित्व के लिए भावभीनी विदाई दी गई। विश्वदीप को राज्य शासन द्वारा बीजापुर जिले के नए कलेक्टर के रूप में एक बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। समारोह में जिला प्रशासन और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल और उनके द्वारा किए गए चुनौतीपूर्ण कार्यों को याद किया।

रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने विश्वदीप के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि एक प्रशासनिक अधिकारी की असली पहचान उसकी संवेदनशीलता और संकट के समय लिए गए त्वरित निर्णयों से होती है। डॉ. सिंह ने विशेष रूप से गुढ़ियारी सब-डिवीजन में हुई भीषण आगजनी की घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस कठिन समय में विश्वदीप ने अपनी जान जोखिम में डालकर ऑयल से भरे टैंकरों के ढक्कन हटाने का साहसिक कार्य किया था, जिससे एक बड़ा विस्फोट टल गया और राजधानी सुरक्षित रही। कलेक्टर ने कहा कि बीजापुर जैसे उभरते जिले में विकास और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं, जहाँ विश्वदीप का अनुभव काम आएगा।

अपने विदाई उद्बोधन में विश्वदीप भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि रायपुर जिला पंचायत सीईओ और नगर निगम आयुक्त के रूप में बीते 28 माह का अनुभव उनके जीवन का सबसे अद्भुत अध्याय रहा है। उन्होंने लोकसभा, विधानसभा उपचुनाव और नगरीय निकाय चुनावों जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभाने का श्रेय अपनी टीम और कलेक्टर गौरव सिंह के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि रायपुर में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बिना दबाव के काम करना उन्होंने सीखा है, जिसे वे अब बीजापुर के विकास में लागू करेंगे।

Share this

You may have missed