अवंती विहार में विकास की नई इबारत: सीसी रोड और नाली निर्माण का भूमिपूजन, लोककर्म अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने अधिकारियों को दिए गुणवत्ता के निर्देश…NV News

Share this

NV News- राजधानी रायपुर के अवंती विहार क्षेत्रवासियों के लिए राहत भरी खबर है। महापौर मीनल चौबे के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए नगर निगम के लोककर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने महर्षि वाल्मीकि वार्ड क्रमांक 32 में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए नया कदम उठाया है। अवंती विहार कॉलोनी स्थित वासुदेव केयर हॉस्पिटल के सामने नई सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य का औपचारिक श्रीगणेश किया गया। लोककर्म अध्यक्ष दीपक जायसवाल और वार्ड पार्षद प्रभा मनोज विश्वकर्मा ने विधिवत श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर इस महत्वपूर्ण विकास कार्य का भूमिपूजन किया।

अधोसंरचना मद के तहत होने वाले इस निर्माण कार्य को लेकर लोककर्म अध्यक्ष ने मौके पर मौजूद जोन 9 के अभियंताओं को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुविधा से जुड़े इस कार्य में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए। कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव और उनकी टीम को निर्देशित किया गया कि तय समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करें और इसकी सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। दीपक जायसवाल ने स्थानीय निवासियों से भी अपील की कि निर्माण अवधि के दौरान सहयोग करें और सड़क की मजबूती के लिए निर्धारित समय तक उस पर वाहन न चलाएं, ताकि लंबे समय तक जनता को इसका लाभ मिल सके।

इस गरिमामय अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता रविन्द्र सिंह ठाकुर सहित जोन 9 के सहायक अभियंता सैयद जोहेब, उपअभियंता अंकिता जनार्दन और बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। वार्ड पार्षद प्रभा मनोज विश्वकर्मा ने इस बहुप्रतीक्षित विकास कार्य की शुरुआत पर खुशी जाहिर की और वार्डवासियों की ओर से नगर निगम प्रशासन एवं लोककर्म विभाग का आभार व्यक्त किया। इस नई सड़क और नाली के निर्माण से अवंती विहार क्षेत्र में जल निकासी की समस्या दूर होगी और आवागमन सुगम हो जाएगा।

Share this

You may have missed