वार्ड में मिली भारी गंदगी और नदारद मिले कामगार; भड़कीं निगम स्वास्थ्य अधिकारी ने सफाई ठेकेदार पर ठोका जुर्माना, स्वच्छता निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस…NV News

Share this

NV News Raipur- स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान को लेकर रायपुर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह से कड़ा रुख अपनाए हुए है। इसी सिलसिले में निगम आयुक्त के निर्देश पर निगम मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही ने जोन 10 के अंतर्गत आने वाले रविन्द्रनाथ टैगोर वार्ड क्रमांक 55 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जोन स्वास्थ्य अधिकारी और मुख्यालय स्वास्थ्य विभाग के स्वच्छता निरीक्षक भी मौजूद रहे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य वार्ड में चल रहे स्वच्छता कार्यों और आगामी सर्वेक्षण की तैयारियों की जमीनी हकीकत को परखना था, लेकिन मौके पर मिली खामियों ने अधिकारियों को नाराज कर दिया।

औचक निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 55 में भारी प्रशासनिक और जमीनी खामियां उजागर हुईं। मौके पर हाजिरी रजिस्टर के अनुसार निर्धारित संख्या से बेहद कम सफाई कामगार ड्यूटी पर तैनात मिले। इसके साथ ही वार्ड के विभिन्न चौक-चौराहों पर कचरे के ढेर और जगह-जगह भारी गंदगी पसरी हुई थी। नालियों की समय पर सफाई न होने के कारण पानी की निकास व्यवस्था पूरी तरह बाधित थी और नालियों में कचरा बजबजा रहा था। वार्ड की इस बदहाल और अव्यवस्थित सफाई व्यवस्था को देखकर स्वास्थ्य अधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों के प्रति सख्त नाराजगी व्यक्त की।

व्यवस्था में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर कड़ा एक्शन लेते हुए स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही ने संबंधित अनुबंधित सफाई ठेकेदार पर तत्काल 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने ठेकेदार को भविष्य के लिए अंतिम चेतावनी नोटिस जारी करने को कहा है। काम में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में वार्ड के स्वच्छता निरीक्षक को भी ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी कर लिखित स्पष्टीकरण तलब किया गया है। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छ सर्वेक्षण के काम में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share this

You may have missed