हृदयविदारक: सात जन्मों का वादा पटरियों पर दम तोड़ गया, प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, स्टेशन के पास मिले क्षत-विक्षत शव…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। यह दर्दनाक हादसा चोरहापड़ाव रेलवे स्टेशन के पास घटित हुआ। बुधवार की सुबह जब स्थानीय लोग पटरियों की तरफ गए, तब दोनों के क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर पड़े मिले। एक साथ दो शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। कभी जिंदगीभर साथ निभाने का सपना देखने वाले इस युवा जोड़े के खौफनाक कदम से हर कोई स्तब्ध है।

घटना की सूचना तत्काल रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शवों को अपने कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच और शिनाख्त की कोशिशों में यह बात साफ हुई है कि मृतका की उम्र महज 16 वर्ष और युवक की उम्र 20 वर्ष थी। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि सामाजिक लोक-लाज या परिजनों की असहमति के डर से दोनों गहरे तनाव में थे, जिसके चलते उन्होंने मौत का यह खौफनाक रास्ता चुना।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास कर रही है। घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों और रेलवे कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह घटना रात के किस वक्त हुई। पुलिस इस संवेदनशील मामले की हर पहलू से बारीकी से तहकीकात कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को कभी न भूलने वाला गहरा जख्म दे दिया है।

Share this